
सीवान : (Siwan) होली पर्व के अवसर पर 04 मार्च को संभावित भीड़ को देखते हुए वाराणसी मंडल ने यात्रियों की सुविधा, सुगमता एवं भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के दिशा-निर्देशन (guidance of Divisional Railway Manager Ashish Jain) में 01 मार्च से 07 मार्च 2026 तक मंडल कंट्रोल रूम में तीन शिफ्टों में वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहकर भीड़ प्रबंधन एवं स्पेशल गाड़ियों के संचालन की सतत निगरानी करेंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मंडल की सभी गतिविधियों की सघन मॉनिटरिंग करेंगे।
प्रमुख स्टेशनों पर विशेष कंट्रोल रूम
छपरा, सीवान, बलिया, मऊ, देवरिया सदर एवं बनारस स्टेशनों पर 24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित कर अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बनारस स्टेशन पर स्टेशन डायरेक्टर स्वयं निरीक्षकों के साथ निगरानी करेंगे। छपरा, सीवान एवं बलिया (Chhapra, Siwan, and Ballia) स्टेशनों पर सहायक मंडल इंजीनियर एवं वाणिज्य अधिकारियों की तैनाती की गई है।
यात्रियों की सुविधा हेतु निर्देश
सभी प्रमुख स्टेशनों पर 24 घंटे हेल्पडेस्क संचालित होंगे, जहां स्पेशल ट्रेनों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। अनारक्षित एवं आरक्षण काउंटरों की संख्या बढ़ाई गई है। प्लेटफॉर्म परिवर्तन से यथासंभव बचने तथा अपरिहार्य स्थिति में न्यूनतम 15 मिनट पूर्व सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। सीसीटीवी, ट्रेन डिस्प्ले सिस्टम, कोच इंडिकेशन बोर्ड, पीए सिस्टम, स्केलेटर, विद्युत एवं जल आपूर्ति की निरंतर कार्यशीलता सुनिश्चित की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए रेल सुरक्षा बल की पर्याप्त तैनाती रहेगी तथा उपरिगामी पुलों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी।
रेल प्रशासन (Railway Administration) ने यात्रियों से अपील की है कि वे बिना टिकट यात्रा न करें, छत या पायदान पर सफर से बचें तथा अधिकृत स्रोत से ही खानपान सामग्री खरीदें। “रेल वन” ऐप एवं एटीवीएम के माध्यम से टिकट लेने के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
होली के दौरान सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मंडल प्रशासन पूर्णतः तत्पर है।


