spot_img

Sirsa : इंसाफ नहीं मिला तो राष्ट्रपति से मांगूंगी इच्छा मृत्यु: सतबीर कौर

सिरसा : (Sirsa) सिरसा जिला के गांव मसीतां में हुए गुरसेवक हत्याकांड के मामले (case of Gursevak murder case in village Masitan of Sirsa district) में मृतक की बहन सतबीर कौर बुधवार को सिरसा में मीडिया से रूबरू हुई और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। सतबीर कौर ने कहा कि डबवाली पुलिस लगातार इस हत्याकांड के मुख्य सरगना संजय कटारिया को गिरफ्तार करने की बजाय बचाने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता संजय कटारिया को गिरफ्तार नहीं किया और इस मामले में परिवार को इंसाफ नहीं मिला तो वह राष्ट्रपति से ईच्छा मृत्यु की मांग करेगी।

सतबीर कौर ने कहा कि अप्रैल माह में उसके भाई गुरसेवक को संजय कटारिया ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर एक साजिश के तहत गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस मामले में संजय कटारिया सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन पुलिस ने एफआईआर में नाम होने के बाद भी अभी तक संजय कटारिया को गिरफ्तार नहीं किया है। बार-बार वे डबवाली एसपी से लेकर आईजी हिसार, डीजीपी हरियाणा से भी मिलकर इस मामले से अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस की ओर से संजय कटारिया की गिरफ्तारी को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उसने आरोप लगा पुलिस संजय कटारिया को इस केस में बचाने में जुटी हुई है।

सतवीर कौर का आरोप है कि पुलिस पीडि़त पक्ष पर ही दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वे फिर से सबूतों के साथ केंद्रीय मंत्री अमित शाह व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी मुलाकात कर न्याय की मांग करेंगी। अगर इसके बाद भी उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह राष्ट्रपति से मिलकर ईच्छा मृत्यु की मांग करेगी।

इस मौके पर क्रप्शन फ्री इंडिया संगठन से जसकौर सिंह (Jas Kaur Singh from Corruption Free India Organization) ने कहा कि डबवाली पुलिस इस मामले में शुरू से ही संजय कटारिया को बचाने में जुटी हुई है। इसी तरह का एक केस गांव मौजगढ़ में हुआ था, जिसमें संजय कटारिया ने करणवीर सिंह मानी को 13 सितंबर 2024 को गुरसेवक का नुकसान करने के लिए उसके मोबाइल पर दो बार कॉल कर कहा था, लेकिन करणवीर सिंह उर्फ मानी ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था। इस घटना के करीब 2 माह बाद मानी की हत्या हो जाती है, जो इस बात की ओर इशारा करती है कि कहीं संजय कटारिया ने ही इस घटनाक्रम को अंजाम न दिया हो। इसलिए इस केस की भी जांच होनी चाहिए।

Explore our articles