spot_img

Sikar : भैंरोसिंह शेखावत की अन्त्योदय योजना आज भी सामयिक: गडकरी

सीकर: (Sikar) सीकर के खाचरियावास में जन्मे पूर्व उप राष्ट्रपति व राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैंरोसिंह शेखावत की सोमवार को उनकी जन्मभूमि पर स्मृति सभा आयोजित की गई । सभा में दिवंगत नेता की याद में भाजपा के दिग्गज नेता और संत-महात्मा भी पहुंचे।केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भैंरोसिंह शेखावत की अन्त्योदय योजना की विश्व बैंक ने भी प्रशंसा की थी। गरीबों के प्रति संवेदना के साथ काम करने वाले वे हमारे आदर्श नेता थे। उन्होंने कहा कि अटल जी कहते थे कि राज आते हैं, चले जाते हैं, नेता आते हैं चले जाते हैं लेकिन देश वहीं रहता है, लोग वहीं रहते हैं। गरीब वहीं रहते हैं। उनके लिए काम करना ही भैंरोसिंह जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि मुझे राजनीति में लाने वाले भैंरोसिंह शेखावत ही थे । उन्होंने ही मुझे राजस्थान प्रदेश के इतने बड़े परिवार में घुलने-मिलने का मौका दिया। राजे ने कहा कि उनके अमेरिका में हार्ट का इलाज कराने के दौरान पीछे से लोगों ने उनकी सरकार को गिराने की कोशिश की थी। वसुन्धरा ने अप्रत्यक्ष रूप से मुख्यमंत्री गहलोत के बयान का प्रतिकार किया। उन्होंने कहा कि गलतफहमी पालने वाली कांग्रेस का यह प्रयास विफल रहा। राजे ने कहा कि भैरोसिंह जी कहते थे कि राजनीति में चुनौतियों और परेशानी से घबराना नहीं चाहिए वरन् इसी से निखार आता है।राजस्थान में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने बाबोसा को नमन कर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्जा माफी के नाम पर किसानों को ठगा है, जिसे माफ नहीं किया जा सकता।

राजस्थान विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि बीजेपी आज भैंरोसिंह शेखावत की ऋणी हैं। अजातशत्रु के नाम से सभी उन्हें जानते हैं। काम के बदले अनाज उनकी ही योजना है।कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, स्थानीय सांसद सुमेधानंद सरस्वती, सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर, राज्यसभा सांसद घनयाम तिवाड़ी, राजसमंद सांसद दीया कुमारी व सांसद रंजीता कोली , पूर्व मंत्री बंशीधर बाजिया, पूर्व विधायक झाबर सिंह खर्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर, भजनलाल, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हरिराम रणवा, प्रदेश मंत्री मधु कुमावत, पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी सहित देश व प्रदेश के अनेक नेतागण उपस्थित थे ।

खचाखच भरे तीन पांडालों के अलावा जमीन पर बैठ कर भी लोग बाबोसा की स्मृति में श्रद्धा प्रकट करने उपस्थित हुए। सभा में महिलाओं और युवतियों की भी बड़ी संख्या थी। प्रवक्ता ने बताया कि बाबोसा की पुण्यतिथि से लेकर जयंती तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । 23 अक्टूबर को पूर्व उप राष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत की 100वीं जयंती के दिन खाचरियावास ग्राम में ही प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। चुनावी वर्ष को भांपते हुए भारतीय जनता पार्टी की ओर से यह कार्यक्रम गत चुनावों में राजपूत समाज की नाराजगी को दूर करने का प्रयास माना जा रहा है। आगामी पांच माह तक भाजपा नेता राजपूत समाज के बीच विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सम्पर्क साधेंगे।आरंभ में भाजपा के राष्ट्रीय व प्रदेशस्तरीय नेताओं ने पूर्व उप राष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत की आदमकद प्रतिमा को पुष्पाजंलि देकर श्रद्धांजलि दी।

Explore our articles