Shimla : हिमाचल में जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार, प्रतिभा सिंह के अध्यक्ष बने रहने पर नहीं आपत्ति : सुक्खू

0
22

शिमला : (Shimla) मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Chief Minister Sukhvinder Singh Sukhu) ने राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जल्द फैसले के संकेत दिए हैं। राज्य में कांग्रेस सरकार के गठन के बाद से मंत्री का एक पद रिक्त है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (state Congress President Pratibha Singh) के अध्यक्ष बने रहने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है। सुक्खू ने कहा कि प्रतिभा सिंह ने बतौर अध्यक्ष अच्छा कार्य किया है और यदि पार्टी उन्हें दोबारा जिम्मेदारी देती है तो वे पूरी तरह समर्थन में हैं। प्रतिभा सिंह का बतौर अध्यक्ष कार्यकाल पूरा हो चुका है।

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री सुक्खू ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर हमला करती है, वही भाजपा आज खुद संविधान की आत्मा को कुचल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र की स्थापना की और संविधान दिया, लेकिन भाजपा अब उसी संविधान को तोड़कर हत्या दिवस मना रही है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में मानसून की तैयारियों पर भी कहा कि राज्य सरकार ने हर ज़िले में आपदा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। उन्होंने देशभर के पर्यटकों से हिमाचल आने का आग्रह करते हुए कहा कि पर्यटक बिना किसी भय के हिमाचल आएं। राज्य पूरी तरह तैयार है। वर्ष 2023 में भी हमने हजारों पर्यटकों को सुरक्षित निकाला था, इस बार और बेहतर व्यवस्था है। साथ ही उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे नदी-नालों से दूर रहें और शहरी व सुरक्षित पर्यटन स्थलों का आनंद लें।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बीबीएमबी (Chief Minister Sukhu) (भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड) से जुड़े वर्षों पुराने विवाद पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद हिमाचल को बीबीएमबी प्रोजेक्ट्स में 12 फीसदी फ्री रॉयल्टी नहीं मिल रही है, जबकि इन परियोजनाओं में हिमाचल के संसाधनों का उपयोग हो रहा है।

उन्होंने कहा कि एसजेवीएनएल और एनएचपीसी (SJVN and NHPC) जब 12 फीसदी रोयल्टी हिमाचल को दे सकता है तो बीबीएमबी क्यों नहीं दे सकता है जबकि हिमाचल प्रदेश के संसाधनों का इन प्रोजेक्ट्स में इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने केंद्र से इस मुद्दे को उठाया है और अगर हिमाचल प्रदेश को उसका अधिकार मिल गया होता तो हिमाचल समृद्ध राज्य बन गया होता।

सुक्खू ने दो टूक कहा कि कांग्रेस सरकार हिमाचल के अधिकार के लिए पूरी ताकत से लड़ाई लड़ रही है और यह केवल रॉयल्टी नहीं, बल्कि प्रदेश के सम्मान और हक की बात है।