spot_img

Shimla : महिला क्रिकेटर रेणुका ठाकुर को एक करोड़ की इनाम राशि देगी हिमाचल सरकार

शिमला : (Shimla) मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू (Chief Minister Sukhvinder Singh Sukhu) ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की बेटी और तेज़ गेंदबाज रेणुका ठाकुर से फोन पर बात कर उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने रेणुका ठाकुर (Renuka Thakur) को देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने सोमवार को कहा कि भारत की बेटियों ने एक बार फिर यह साबित किया है कि मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की बेटी रेणुका ठाकुर (Himachal’s daughter Renuka Thakur) ने विश्व कप में शानदार गेंदबाजी कर भारत को जीत की राह पर लाने में अहम भूमिका निभाई है। रेणुका के प्रदर्शन से न केवल देश, बल्कि प्रदेश का भी गौरव बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है और बेटियों को हर क्षेत्र में समान अवसर देने का काम कर रही है।

रेणुका ठाकुर मूल रूप से जिला शिमला के रोहड़ू की रहने वाली हैं और भारतीय महिला क्रिकेट टीम में अपनी सटीक और तेज़ गेंदबाजी के लिए जानी जाती हैं। वर्ल्ड कप में उनके प्रदर्शन ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा और उन्होंने कई बार टीम को शुरुआती सफलता दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेणुका की मेहनत और लगन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है ताकि हिमाचल के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें।

वहीं, मुख्यमंत्री सुक्खू ने आज नगर निगम शिमला (Shimla Municipal Corporation) के कांग्रेस पार्षदों के साथ ओक ओवर में बैठक की और मेयर पद के रोस्टर को लेकर चल रहे विवाद पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पार्षद मिलजुल कर शहर के विकास के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मतभेदों को बातचीत से सुलझाया जाएगा और कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर आगे बढ़ेगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कुल्लू में प्रस्तावित बिजली महादेव रोपवे परियोजना को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन महत्व को और बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम देवी-देवताओं का सम्मान करते हैं, लेकिन पर्यटन विकास के लिए इस तरह की परियोजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करेंगी।

Explore our articles