spot_img

Shimla: पूर्व कांग्रेस नेता हर्ष महाजन हिमाचल प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप में शामिल

शिमला:(Shimla) हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए हर्ष महाजन को पार्टी ने कोर ग्रुप में शामिल किया है। उन्हें कोर ग्रुप का सदस्य बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आदेश पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने यह औपचारिकता पूरी की है। कोर ग्रुप में शामिल कर भाजपा ने हर्ष महाजन का कद बढ़ा दिया है। वह कांग्रेस के बड़े नेता रहे हैं। विधानसभा चुनाव समेत पार्टी के अन्य सियासी मामलों में कोर ग्रुप का अहम रोल रहता है।

हर्ष महाजन को संगठन में काम करने का खासा अनुभव है। वह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विशेष सलाहकार और रणनीतिकार रह चुके हैं। वह तीन बार चंबा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे और वीरभद्र सरकार में पशुपालन मंत्री भी रहे। वह वर्ष 2012 से वर्ष 2017 के कांग्रेस शासन में राज्य सहकारी बैंक के चेयरमैन भी रह चुके हैं।

राजनीति में लंबे समय से सक्रिय महाजन रणनीति और प्लानिंग के लिए जाने जाते हैं। पहले कांग्रेस की वरिष्ठ नेता विद्या स्टोक्स के नजदीकी माने जाते थे। लेकिन 2009 के बाद से लगातार पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के नजदीक आ गए। वीरभद्र सिंह के निधन के बाद उनके परिवार के भी नजदीक रहे। लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले सितम्बर 2022 में उन्होंने कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया था।

Explore our articles