
शिमला : (Shimla) जिला शिमला के जुब्बल (Jubbal, Shimla district) में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वीडियो में एक व्यक्ति पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु दिखाते हुए दूसरे व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देता हुआ दिखाई दे रहा था। इस वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल बनने की आशंका जताई जा रही थी।
पुलिस के अनुसार थाना जुब्बल में इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (Indian Penal Code) (बीएनएस) की धारा 351 और 352 के साथ-साथ शस्त्र अधिनियम की धारा 25 और 30 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान विजय कुमार उर्फ सैम के रूप में की। वह गांव पत्थर नाला (झालड़ी), डाकघर डीम, तहसील जुब्बल, जिला शिमला (village Patthar Nala (Jhalri), Post Office Deem, Tehsil Jubbal, District Shimla) का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को जांच में शामिल किया और उसके घर की विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को एक पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु और एक मोबाइल फोन सिम कार्ड सहित बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों वस्तुओं को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि जो वस्तु वीडियो में पिस्टल के रूप में दिखाई जा रही थी, वह असली हथियार नहीं थी, एक लाइटर था, जिसे पिस्टल की तरह इस्तेमाल करते हुए वीडियो बनाया गया था।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो से लोगों में डर और भ्रम फैल सकता है, इसलिए मामले को गंभीरता से लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह (SSP Shimla Gaurav Singh) ने शनिवार को बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से डर या दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


