spot_img

Shimla : मानसून सीजन में शिमला के चौेपाल हल्के में गिरे 60 मकान, 90 करोड़ का नुकसान

शिमला : मानसून सीजन में शिमला जिले के चौपाल विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश एवं आपदा से निजी व सरकारी संपत्तियों को लगभग 90 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस दौरान 60 मकान धराशायी हुए।

उद्योग मंत्री व जिला शिमला राहत एवं पुनर्वास समिति अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह चौहान ने रविवार को चौपाल विधानसभा क्षेत्र में हुए नुकसान के संबंध में एक बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में लगभग 65 करोड़ रुपये की सरकारी संपत्ति एवं 25 करोड़ रुपये की निजी संपत्ति का नुकसान हुआ है जिसमें से अकेले लोक निर्माण विभाग में लगभग 35 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आपदा के कारण एक व्यक्ति की दुखद मौत हुई है, वहीं 60 पक्के मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त एवं 129 पक्के मकानों को एवं 58 कच्चे मकान को आंशिक क्षति हुई है। क्षेत्र में लगभग 80 गौशाला भी क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लगभग 2617 बागवानों को नुकसान हुआ है जिससे 2341 हेक्टेयर भूमि को नुकसान पहुंचा है।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि भारी बारिश एवं आपदा से प्रदेश के कोने-कोने में निजी एवं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है जिससे चौपाल विधानसभा क्षेत्र भी अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार लोगों के साथ खड़ी है। प्रदेश सरकार ने आपदा राशि को 12 हजार से 1 लाख रुपए किया है जिससे लोगों को आपदा की घड़ी में एक सम्मानजनक राशि प्रदान होंगी।

उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में हर व्यक्ति के हुए नुकसान की सही रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए तथा संशोधित रिलीफ मैनुअल के हिसाब से लोगों को राहत प्रदान की जाए ताकि क्षेत्र में लोगों की किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Explore our articles