Satna : सतना में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, सेंट्रल जीएसटी इंस्पेक्टर 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
54

सतना : (Satna) मध्य प्रदेश के सतना में रीवा लोकायुक्त पुलिस की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट्रल जीएसटी इंस्पेक्टर (Central GST Inspector) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित सेंट्रल जीएसटी इंस्पेक्टर कुमार सौरभ ने एक व्यापारी से ई-वे बिल से जुड़े मामले में 60 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी, जिसकी शिकायत के बाद लोकायुक्त पुलिस ने उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। यह कार्रवाई सिविल लाइन तिराहे स्थित इनकम टैक्स कॉलोनी से स्थित सेंट्रल जीएसटी इंस्पेक्टर कुमार सौरभ (Inspector Kumar Saurabh) के सरकारी आवास पर की गई, जहां टीम पहले से ही तैयार बैठी थी।

लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि सतना के व्यापारी वीरेन्द्र कुमार (Satna businessman Virendra Kumar) ने 29 नवंबर को लोकायुक्त कार्यालय में आवेदन देकर बताया था कि इंस्पेक्टर लगातार उन पर ई-वे बिल से जुड़े मामले में 60 हजार रुपये की अवैध मांग कर रहे हैं। व्यापारी ने बताया कि पेनाल्टी न लगाने और फाइल आगे न बढ़ाने का दबाव बनाकर उनसे पैसे मांगे जा रहे थे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लोकायुक्त टीम ने पहले पूरे प्रकरण का सत्यापन किया और उसके बाद ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को तय रणनीति के अनुसार जैसे ही व्यापारी ने 20 हजार रुपये इंस्पेक्टर को दिए, टीम ने तुरंत उन्हें घेरकर पकड़ लिया। कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि इंस्पेक्टर को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टीम उन्हें हिरासत में लेकर सीधे सर्किट हाउस पहुंची, जहां उनसे प्राथमिक पूछताछ की गई। इसके बाद प्रकरण से जुड़े दस्तावेज और सबूत भी एकत्र किए गए।

बताया जा रहा है कि आरोपी इंस्पेक्टर लंबे समय से व्यापारियों पर अनैतिक तरीके से दबाव बनाकर वसूली करता रहा है। स्थानीय कारोबारी भी उसकी कार्यशैली से परेशान थे, लेकिन खुलकर शिकायत करने से डरते थे। फिलहाल लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि कहीं इंस्पेक्टर अन्य मामलों में भी अवैध वसूली में तो शामिल नहीं था। अधिकारियों का कहना है कि जांच में अगर और तथ्य सामने आए, तो कार्रवाई और कड़ी होगी।