spot_img

RS Pura : भारतीय सेना की 9 डोगरा यूनिट की तरफ से वीर नारियों तथा पूर्व सैनिकों को किया गया सम्मानित

आरएस पुरा : भारतीय सेना की 9 डोगरा यूनिट की स्थापना के 75 वर्ष पूरा होने पर यूनिट की तरफ से पूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों से मुलाकात की गई तथा मंगलवार को उन्हें सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में जिला जम्मू के विभिन्न क्षेत्रों से आए हुए पूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर बटालियन के कमान अधिकारी अमित पुनिया तथा सूबेदार मेजर तिलक राज मुख्य तौर पर उपस्थित रहे जिन्होंने वीर नारियों को सम्मानित किया तथा बटालियन के पूर्व सैनिकों से मुलाकात की तथा उनका हालचाल जाना।

इस मौके पर कमान अधिकारी ने पूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों को भरोसा दिलाया कि भारतीय सेना पूरी तरह से उनके साथ खड़ी है और अगर किसी तरह की भी उन्हें कोई परेशानी आती है तो भारतीय सेना की तरफ से उनकी पूरी मदद की जाएगी। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने भी कमान अधिकारी का सम्मान किया तथा उन्हें सम्मानित किया।

इस मौके पर कमान अधिकारी अमित पुनिया ने कहा कि उनकी बटालियन के पूर्व सैनिकों ने भारत-पाक युद्ध के दौरान अहम योगदान दिया है तथा दुश्मन के दांत खट्टे किए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1962, 1965, 1971 के युद्ध के दौरान पूर्व सैनिकों की बहादुरी को आज भी याद किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1948 में उनकी बटालियन की स्थापना हुई थी और आज 75 वर्ष पूरे होने पर बटालियन द्वारा वीर नारियों तथा पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जा रहा है और उनके सम्मान में विभिन्न जगहों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

बताते चलें कि बटालियन की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में जिला जम्मू के विभिन्न विभिन्न क्षेत्रों से आए हुए पूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों ने हिस्सा लिया और इस दौरान एक दूसरे से मुलाकात के दौरान काफी खुश दिखे और एक दूसरे का हालचाल जाना।

Explore our articles