
रियो डी जेनेरियो : (Rio de Janeiro) ब्राजील फुटबॉल टीम (Brazilian national football team) को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार गोलकीपर एलिसन बेकर चोट के कारण मार्च में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों से बाहर हो गए हैं। इस बात की पुष्टि ब्राज़ीलियन फुटबॉल फेडरेशन ने शुक्रवार को की।
ब्राजील को 26 मार्च को फ्रांस फुटबॉल टीम (French national team) और 31 मार्च को क्रोएशिया फुटबॉल टीम के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं, जो क्रमशः बोस्टन और ऑरलैंडो में आयोजित होंगे। ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने गुरुवार को घोषित टीम में एलिसन को शामिल किया था, लेकिन अब उनकी जगह ह्यूगो सूज़ा को टीम में शामिल किया गया है।
33 वर्षीय एलिसन अपने क्लब लिवरपूल एफसी के लिए भी अगला मुकाबला नहीं खेल पाएंगे। शनिवार को ब्राइटन एंड होव एल्बियन के खिलाफ होने वाले मैच में उनकी जगह जॉर्जी मामार्दाशविली के गोलकीपिंग करने की संभावना है।
इस सीजन में एलिसन लगातार चोटों से जूझते रहे हैं। वह 10 मार्च को यूईएफए चैंपियंस लीग के राउंड ऑफ-16 के पहले लेग में गालतासराय के खिलाफ मुकाबला भी नहीं खेल पाए थे, हालांकि उससे पहले के दो मैचों में उन्होंने हिस्सा लिया था।
इसके अलावा हैमस्ट्रिंग चोट के चलते वह अक्टूबर से नवंबर के बीच लिवरपूल के आठ मैचों से भी बाहर रहे थे। फिलहाल प्रीमियर लीग (Premier League) में लिवरपूल 49 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है और टॉप-4 में जगह बनाने की जंग लड़ रहा है।


