spot_img

Rewari: रेवाड़ीः पंजाब से अवैध तरीके से लाई गई शराब पकड़ी, कैंटर चालक गिरफ्तार

Rewari

रेवाड़ी:(Rewari) रेवाड़ी के बावल स्थित एक गोदाम (A godown located at Bawal in Rewari) में पंजाब से अवैध तरीके से शराब लेकर आए कैंटर को पुलिस ने पकड़ लिया है और जिस गोदाम में शराब उतारी गई उसको भी सील कर दिया गया है। आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया है।

बावल थाना पुलिस को बुधवार रात सूचना मिली थी कि एक कैंटर में अवैध तरीके से पंजाब से शराब मंगवाई गई है। सूचना मिलने के बाद बावल थाना पुलिस ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर अपना जाल बिछा दिया। देर रात 12 बजे के बाद एक कैंटर शराब लेकर आया तथा सीधे रूद्ध पुल के निकट स्थित एक शराब गोदाम पर पहुंचा। कैंटर चालक ने पुल के नीचे स्थित गोदाम पर शराब की पेटियां उतारी और आगे राजस्थान की ओर निकलने लगा।

बावल थाना पुलिस कैंटर के लगातार पीछे लगी हुई थी और उसने चालक को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ही जयसिंहपुर खेड़ा बार्डर के निकट दबोच लिया। कैंटर में शराब की कुछ और पेटियां भी थी जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि आगे इसे गुजरात तक लेकर जाना था। कैंटर चालक की निशानदेही पर पुलिस रूद्ध पुल के निकट स्थित गोदाम तक पहुंची और पाया कि गोदाम में उसने शराब उतारी हुई है। पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया है। अवैध तरीके से शराब मंगवाने का यह खेल कब से चल रहा है इसकी भी पुलिस जांच कर रही है।

Explore our articles