रांची : मोरहाबादी मैदान में चल रहे इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। फेयर में लोगों को उत्साह दिख रहा है। लोग विभिन्न प्रकार के उत्पादों को देख रहे और उसकी खरीदारी भी कर रहे हैं। शुक्रवार को भी बुद्ध पूर्णिमा की छुट्टी होने के कारण लोग अपने परिवार के साथ पहुंचे। लोग खरीदारी के साथ खाने का भी आनंद उठाया। फेयर में कई स्टालधारकों द्वारा दिये जा रहे ऑफर भी लाभ लोग उठा रहे हैं। घरेलू सामान, बच्चों के खिलौने, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कालीन, सजावटी सामान की भी जमकर खरीदारी की जा रही हैं। वहीं, फर्नीचर इंटीरियर हॉल में लोग जा रहे हैं। वहां फाउंटेन, फर्नीचर, मसाज कुर्सी आदि की जानकारी ले रहे हैं और लोग बुकिंग भी करा रहे हैं। कारों की भी बुकिंग चल रही है।
मौके पर चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि फेयर में लोगों के बीच उत्साह का माहौल दिख रहा है। चैंबर ने लोकल फॉर वोकल के तर्ज पर स्थानीय व्यापारियों को भी फेयर में मौका दिया है, ताकि वो अपने उत्पादों की ब्रांडिंग कर सके। बाहर से आये हुए व्यापारियों के साथ लोग अपने आइडिया भी शेयर कर रहे हैं। राज्य के विकास की गति को देने का एक प्रयास चैंबर की ओर से किया गया है। स्थानीय के अलावा बाहर से आये व्यापारी भी बिक्री से खुश है।
वहीं दूसरी ओर ट्रेड फेयर में झारखंड चैंबर की ओर से राज्य के कई खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें रूपा रानी तिर्की, चंदन सिंह, लवली चौबे, दिनेश कुमार, सुनील बहादुर आदि शामिल है। इसके अलावा चैंबर के पर्यावरण उपसमिति की ओर से सरकारी स्कूल के बच्चों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।


