रांची: (Ranchi) राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह (Chief Secretary Sukhdev Singh) के निर्देश के बाद शनिवार को भी सचिवालय के अधिकांश विभाग खोले गए। बजट शाखा के अतिरिक्त सभी कार्यालयों को खुला रखा गया। अधिकारियों व कर्मियों को सामान्य दिनों की तरह कामकाज पर बुलाया गया है। कार्यालय खोलकर विभिन्न योजनाओं की राशि रिलीज की गयी।
विभाग ने विजिट पर गये अनुसमर्थन दल की पूरी टीम को भी मुख्यालय में बुला लिया है और उन्हें योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए बजटीय राशि को आवश्यकता आधार पर रिलीज करने की दिशा में कार्य करने को कहा है। पीएम आवास, मनरेगा, जलछाजन सहित अन्य योजनाओं के लिए राशि दी गयी। यह स्थिति सचिवालय के अन्य विभाग पथ निर्माण, नगर विकास विभाग सहित अन्य सभी वर्क्स विभागों में भी था।
मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने सभी विभागों को 30 अप्रैल तक हर हाल में आवश्यकता आधारित राशि का आवंटन करने को कहा है। सीएस ने कहा कि इस वित्त वर्ष 2023-24 मॉनसून प्रारंभ होने के पहले योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लायी जा सकती है, बर्शते की राशि का आवंटन विभिन्न जिलों को कर दी जाये। इसी आलोक में कार्यालय खुला रहा है।


