राज्यपाल विशिष्ट अतिथियों के साथ एपिसोड की स्क्रीनिंग में हुए शामिल
अब हम विश्व की एक बड़ी ताकत, अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ हुई : राधाकृष्णन
रांची : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात रेडियो कार्यक्रम के ऐतिहासिक 100वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को संपन्न हुआ। इसको अविस्मरणीय बनाने के लिए देश के सभी राजभवनों में इसका सीधा प्रसारण किया गया। इस मौके पर राज्यपाल ने राजभवन में लगी चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।
इस कड़ी में झारखंड राजभवन के दरबार हॉल में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के विभागों ऑल इंडिया रेडियो, दूरदर्शन, पीआईबी तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो ने कार्यक्रम की विशेष स्क्रीनिंग की। विभिन्न क्षेत्रों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा, अध्यात्म, खेल, कला जगत आदि से राज्य की 100 से अधिक प्रमुख हस्तियों ने भी राज्यपाल के साथ मन की बात के इस विशेष प्रसारण को सुना।
मन की बात के प्रसारण के बाद राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री को सुनकर बहुत ही हर्ष का अनुभव हुआ। यह भाषण हमें समाज के प्रति अपने उत्तरदायित्व को और बेहतर ढंग से निभाने के लिए प्रेरित करने वाला था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने पिछले नौ वर्षों में हर क्षेत्र में नए आयाम हासिल किए हैं। अब हम विश्व की एक बड़ी ताकत हैं और हमारी अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ हुई है।
विशिष्ट अतिथियों में झारखंड के पद्मश्री से सम्मानित लोग, खेल जगत, सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आदिवासी मामलों के जानकार शामिल हुए। इनके अलावा झारखंड के चुनिंदा लोगों जैसे सपन पत्रलेख, जमुना टुडू, गणेश साहू आदि व्यक्तियों, जिनका अपने क्षेत्रों में सामाजिक योगदान के लिए पीएम की मन की बात के विभिन्न प्रसारणों में जिक्र किया गया है, वे भी इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उन्हें राज्यपाल से संवाद करने का मौका भी मिला।
इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय एवं सीबीसी रांची के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने राज्यपाल को पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मन की बात के जरिए सामाजिक सरोकार के मुद्दों जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता, जल संरक्षण आदि को बहुत बल मिला है। धन्यवाद ज्ञापन दूरदर्शन केन्द्र रांची (अभि.) के निदेशक आरके राव ने किया।


