
रांची : (Ranchi) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले (Jharkhand’s West Singhbhum district) के घने सारंडा जंगल में रविवार तड़के सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित माओवादी संगठन भाकपा (माओवादी) के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (improvised explosive device) (आईईडी) विस्फोट में कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट समेत तीन जवान घायल हो गए। सभी घायलों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से रांची लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार सुबह करीब पांच बजे सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे कांबिंग ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के साथ भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ के दौरान मरांगपोंगा क्षेत्र में नक्सलियों की ओर से लगाए गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक, हेड कांस्टेबल विक्रम यादव तथा एक अन्य जवान संजीव घायल (injuring Assistant Commandant Ajay Malik of the Cobra Battalion, Head Constable Vikram Yadav, and another soldier, Sanjeev) हो गए।
घटना के तुरंत बाद तीनों घायल जवानों को प्राथमिक उपचार देने के बाद हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया। उन्हें शहर के राज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों जवानों की हालत स्थिर बनी हुई है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि क्षेत्र में किसी बड़े नक्सली नेता की मौजूदगी हो सकती है। इसके मद्देनजर सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। मुठभेड़ में नक्सलियों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
महानिरीक्षक (अभियान) माइकल राज एस (Inspector General (Operations) Michael Raj S) ने पुष्टि करते हुए बताया कि घायल तीनों जवानों को रांची के राज अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति स्थिर है। सारंडा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान फिलहाल जारी है और सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ ऑपरेशन चला रहे हैं।


