Ranchi : स्वच्छ व सुंदर रांची के लिए नगर निगम और गेल इंडिया के बीच करार

0
149

रांची : झारखंड सरकार और गेल इंडिया लिमिटेड की ओर से राजधानी रांची को स्वच्छ व सुंदर बनाने के उद्देश्य से गेल इंडिया लिमिटेड व रांची नगर निगम के बीच कचरा से बॉयो गैस उत्पादन के लिए कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट के निर्माण को लेकर शनिवार को एमओयू साइन किया गया है। इसके प्रथम चरण का कार्य प्रगति पर है।

शनिवार को नगर निगम प्रशासक शशि रंजन ने टीम के साथ झिरी स्थित कंप्रेस्ड बॉयोगैस प्लांट के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। प्रशासक ने गुणवत्ता के साथ कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। मालूम हो राजधानी में प्रतिदिन 300 टन आर्गेनिक कचरा का प्रोसेसिंग कर करीब 10 टन प्रतिदिन कंप्रेस्ड बायोगैस उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। गेल इंडिया इसके लिए 150-150 टन का दो प्लांट लगायेगा। प्रथम चरण में एक प्लांट लगाया जायेगा। इसके लिए निगम द्वारा झिरी में 8 एकड़ जमीन गेल इंडिया को उपलब्ध कराया गया है। दूसरे फेज में यदि जरूरत पड़ी तो निगम अतिरिक्त जमीन की भी व्यवस्था करेगा। मौके पर उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार, सहायक प्रशासक शीतल कुमारी, गेल इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधि, नगर प्रबंधक व अन्य कर्मी शामिल रहे।

प्लांट में मुख्य :

गेल इंडिया लिमिटेड रांची में दो चरणों में 300 मिट्रीक टन प्रतिदिन का आर्गेनिक अपशिष्ट प्रसंस्करण प्लांट लगाएगा। पहले चरण में 150 टन क्षमता वाला ऑर्गेनिक अपशिष्ट प्रसंस्करण प्लांट का निर्माण जा रहा है। एक प्लांट एक दिन में पांच टन कंप्रेस्ड बायोगैस का उत्पादन करेगा। प्लांट की उम्र सीमा 20 वर्ष से अधिक की होगी। प्लांट के लिए जरूरी 8 एकड़ जमीन रांची नगर निगम ने गेल इंडिया लिमिटेड को उपलब्ध कराया गया है। निगम अपशिष्ट प्रसंस्करण के मामले में कार्बन क्रेडिट्स का 100 फीसदी दावा कर सकेगा। वैज्ञानिक तरीके से होने वाले प्रसंस्करण के कारण कचरा से उत्पन्न होने वाले प्रदूषण स्तर में कमी आयेगी।