spot_img

Rajouri : राजौरी मुठभेड़ में आतंकी ढेर, दो कैप्टन और एक जवान का बलिदान, एक घायल

राजौरी : राजौरी जिले के कालाकोट इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है। इस मुठभेड़ में सेना के तीन अधिकारी बलिदान हो गए, जबकि एक अन्य अफसर घायल है। अभी और आतंकी सुरक्षाबलों के घेरे में फंसे हुए हैं जिन्हें मार गिराने के लिए सुरक्षाबलों का अभियान जारी है। पुलिस, सीआरपीएफ और सेना के जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ है। दोनों ओर से गोलीबारी हो रही है।

इस मुठभेड़ में कैप्टन एमवी प्रांजल, कैप्टन शुभम और हवलदार माजिद बलिदान हुए है। इनके अलावा मेजर मेहरा घायल हैं। उन्हें उधमपुर स्थित कमान अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके बाजू और सीने में गोलियां लगी हैं और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जम्मू आईजीपी आनंद जैन ने बताया कि राजोरी के उपमंडल कालाकोट में पुलिस स्टेशन धर्मसाल के अंतर्गत सोलकी गांव के बाजी माल इलाके में विशेष सूचना पर घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। तीन आतंकवादियों के घिरे होने की आशंका है। मुठभेड़ को लेकर सेना और पुलिस के उच्च अधिकारी नजर बनाए हुए हैं। मुठभेड़ में सेना के दो अधिकारी बलिदान हो गए और दो अन्य अधिकारी घायल हुए। घायल अधिकारियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उपचार के दौरान एक और अधिकारी ने दम तोड़ दिया। मेजर मेहरा का उपचार अस्पताल में जारी है।

Explore our articles