रायपुर : छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के लोकसभा चुनाव के लिए 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए कुल 6,567 मतदान केंद्र चिन्हित हैं। दूसरे चरण के चुनाव में 10 जिलों के लिए आरक्षित 2,779 वाहनों में से 1,991 वाहनों में जीपीएस डिवाइस स्थापित किया गया है।छत्तीसगढ़ में अब दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को मतदान होना है। दूसरे चरण में कांकेर, महासमुंद और राजनांदगांव लोकसभा सीट हाई प्रोफाइल हैं ।
राजनांदगांव से कांग्रेस के टिकट पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का मुकाबला 2019 के बी भाजपा सांसद संतोष पांडे से है । महासमुंद से भूपेश सरकार में गृह मंत्री रहे ताम्रध्वज साहू को कांग्रेस ने चुनावी मैदान में उतारा है । जबकि भाजपा से बसना की पूर्व विधायक रूप कुमारी चौधरी चुनाव लड़ रही हैं। नक्सल प्रभावित कांकेर लोकसभा सीट पर भाजपा से पूर्व विधायक भोजराज नाग और कांग्रेस से वीरेश ठाकुर आमने सामने हैं। कांकेर लोकसभा क्षेत्र में 8 विधानसभा आते हैं। चार विधानसभा क्षेत्र अति नक्सल प्रभावित हैं। कांकेर लोकसभा सीट से कुल 9 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। भोजराज नाग भानुप्रतापपुर विधानसभा के पूर्व विधायक हैं. पहली बार बीजेपी ने लोकसभा चुनाव का टिकट दिया है. कांग्रेस से वीरेश ठाकुर को दोबारा लोकसभा का उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले 2019 का लोकसभा चुनाव वीरेश ठाकुर भाजपा प्रत्याशी मोहन मंडावी से 5000 मतों के अंतर से हार गये थे।
राजनांदगांव लोकसभा सीट पर कुल 23 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है। कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और बीजेपी से वर्तमान सांसद संतोष पांडे के बीच कांटे की टक्कर है।संतोष पांडे ने 2019 का लोकसभा चुनाव एक लाख मतों के अंतर से जीता था।
हाई प्रोफाइल लोकसभा सीट महासमुंद के अंतर्गत 8 विधानसभा क्षेत्र आते हैं और यहां से 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कांग्रेस ने पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को और भाजपा ने रूप कुमारी चौधरी को यहां से अपना प्रत्याशी घोषित किया है । रूप कुमारी चौधरी बसना से 2013 का विधानसभा चुनाव जीत चुकी हैं।कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज को 2023 के विधानसभा चुनाव में दुर्ग से हार चुके हैं ।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार राजनांदगांव संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव, खुज्जी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान दिवस 26 अप्रैल 2024 शुक्रवार को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। राजनांदगांव संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत मोहला-मानपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा।
इसी प्रकार महासमुंद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत सराईपाली, बसना, खल्लारी, महासमुंद, राजिम, कुरूद और धमतरी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान दिवस 26 अप्रैल 2024 शुक्रवार को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। महासमुंद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 9 मतदान केन्द्रों के लिए प्रातः 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के शेष मतदान केन्द्रों के लिए मतदान का समय प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
कांकेर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत सिहावा, संजारी बालोद, डोंडीलोहारा, गुण्डरदेही विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान दिवस 26 अप्रैल 2024 शुक्रवार को प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। कांकेर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में प्रातः 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा।


