spot_img

Raipur: मुद्दाविहीन भाजपा अविश्वास प्रस्ताव लाने का कर रही ढोंग : कांग्रेस

विधानसभा के 15 सत्र हो चुके हैं इसमें भाजपा का प्रदर्शन जीरो रहा

रायपुर:(Raipur) प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि जनता का विश्वास खो चुकी भाजपा अब पंचम विधानसभा के आखिरी सत्र में अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। भूपेश सरकार में विधानसभा के 15 सत्र पूर्ण हो चुके हैं, इसमें भाजपा का प्रदर्शन जीरो रहा है। पांचवीं विधानसभा के पावस सत्र में भाजपा के पास मुद्दा नहीं है, इसलिए राजनीति करने और मीडिया में बने रहने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने का ढोंग कर रही है।

सुशील ने कहा कि पंचम विधानसभा के 15 सत्र में भाजपा का पूरा मकसद सत्र को प्रभावित करना और जनहित के कार्यों पर अड़ंगा लगाना रहा है। भाजपा के विधायक सवाल लगाकर जवाब सुनने से पहले पीठ दिखाकर सत्र से भाग जाते थे और यह दृश्य पूरा छत्तीसगढ़ ने देखा है कि किस प्रकार से भाजपा के विधायक भूपेश सरकार के द्वारा जनहित में लिए जा रहे फैसलों को रोकने के लिए अवरोध उत्पन्न करते थे।

सुशील आनंद ने कहा कि भूपेश सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए 36 बिंदुओं के वादों में से 95 प्रतिशत वादों को पूरा किया है। यह भाजपा के विधायकों को पच नहीं रहा है, इसलिए भाजपा अब आखिरी सत्र में भी हंगामा करने के लिए और सत्र को प्रभावित करने के लिए इस प्रकार से अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात कर रही है।

Explore our articles