रायबरेली : परीक्षा देकर घर आ रही छात्रा का कार सवार लोगों ने दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। अचानक घटी घटना से हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए छात्रा को बरामद करते हुए अपहरणर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के बरगदहा गांव निवासी सुरजीत की बेटी हरचंदपुर में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा है। गुरुवार को विद्यालय के ई-रिक्शा से बोर्ड की परीक्षा देने हरचंदपुर में जनता इंटर कॉलेज गई थी। परीक्षा के बाद वापस लौटते समय प्यारे पुर के समीप बिना नंबर की कार से आए चार युवकों ने छात्र का अपहरण कर लिया। चार लोगों पर बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए छात्रा की बरामदगी के लिए टीमों का गठन किया और तलाश में जुट गई और रास्ते से ही छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया।
हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि छात्रा का एक युवक से बात होती रहती थी। आज वह अपने साथियों सहित कार से आया और जबरिया छात्रा को कार में बैठाकर उरई के लिए जा रहा था। पुलिस ने सक्रियता से छात्रा को बरामद कर लिया और जांच कर रही है। सभी अपहर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया है।


