पुणे : (Pune) सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (opener Yashasvi Jaiswal) की तूफानी शतकीय पारी के दम पर मुंबई की टीम ने रविवार को पुणे के अम्बी स्थित डीवाई पाटिल अकादमी में खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2025 (Syed Mushtaq Ali Trophy Elite 2025 match played at the DY Patil Academy in Ambi, Pune) के मैच में हरियाणा को चार विकेट से हरा दिया। मैच में यशस्वी ने 50 गेंदों पर 101 रनों की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 16 चौके और एक छक्का निकला।
सुपर लीग ग्रुप बी के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 234 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में मुंबई की टीम ने 17.3 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 238 रन बनाकर मैच में जीत हासिल कर ली।
मैच में टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा की टीम को कप्तान अंकित कुमार और अर्श रंगा ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी हुई। अर्श 26 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अंकित और निशांत सिंधु के बीच शतकीय साझेदारी हुई। अंकित 42 गेंदों पर 89 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 6 छक्के लगाए। सामंत जाखड़ 14 गेंदों में 31 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। निशांत सिंधु ने 38 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 63 रन और सुमित कुमार ने नाबाद 16 रन बनाए। हरियाणा ने तीन विकेट के नुकसान पर 20 ओवर में 234 रन का स्कोर बनाया।
इसके बाद 235 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की भी अच्छी शुरुआत हुई। अजिंक्य रहाणे और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की। रहाणे 10 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जायसवाल ने सरफराज खान के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरे और टीम के स्कोर को 6 ओवर में ही 100 के पार पहुंचा दिया। टीम का दूसरा विकेट सरफराज के रूप में गिरा। वह 25 गेंदों में 64 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर आउट हुए। इस पारी में उनके बल्ले से 9 चौके और 3 छक्के निकले। यहां से यशस्वी ने अकेले मोर्चा संभाला और 48 गेंदो पर अपना शतक पूरा किया। वह 50 गेंदों में 101 रन की शतकीय पारी खेलकर आउट हुए, लेकिन तब तक वह टीम की जीत पक्की कर चुके थे। मुंबई की टीम ने 17.3 ओवर में 6 विकेट पर 238 रन बनाकर मैच जीत लिया। अंगकृष रघुवंशी 7 रन, सूर्यांश शेडगे 13 रन और शार्दुल ठाकुर ने 2 रन बनाए। साईराज पाटिल ने नाबाद 8 रन और अथर्व अंकोलेकर ने नाबाद 10 रन बनाए।


