
पुणे जिला प्राथमिक शिक्षक समिति की पहल, विभिन्न मुद्दों पर प्रशासन से चर्चा
पुणे : (Pune) पुणे जिला प्राथमिक शिक्षक समिति (Pune District Primary Teachers’ Committee) की ओर से वर्ष 2025-26 के गुणवंत शिक्षक सम्मान और आइडॉल टीचर सम्मान समारोह को जल्द आयोजित करने की मांग की गई है। साथ ही यह भी प्रस्ताव रखा गया है कि इस वर्ष से गुणवंत शिक्षक पुरस्कार को श्रद्धेय अजितदादा पवार (Ajitdada Pawar) गुणवंत शिक्षक पुरस्कार के नाम से प्रदान किया जाए।
इसी अवसर पर पुणे जिला परिषद में समिति की ओर से नवनियुक्त अध्यक्ष वीरधवल जगदाले और उपाध्यक्ष विवेक वळसे पाटील का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य और जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र राज्य शिक्षक समिति के कोषाध्यक्ष नंदकुमार होळकर, राज्य सलाहकार महादेव माळवदकर पाटील, पुणे शिक्षक समिति के अध्यक्ष सुनील वाघ, महासचिव संदीप जगताप सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।
इसके बाद शिक्षक समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील और शिक्षा अधिकारी संजय नाईकडे (Officer Gajanan Patil and Education Officer Sanjay Naikade) से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
प्रमुख मांगें
बैठक में समिति ने प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें ऑनलाइन तबादला प्रक्रिया को तुरंत शुरू किया जाए,दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत महिला शिक्षकों के तबादले को प्राथमिकता दी जाए, लंबित स्थायित्व, चयन श्रेणी, बाल देखभाल अवकाश और मेडिकल बिलों का शीघ्र निपटारा किया जाए, स्नातक शिक्षकों को विषय परिवर्तन का अवसर दिया जाए, पेसा क्षेत्र सहित सभी लंबित देयकों का तत्काल भुगतान किया जाए, पंचायत समिति स्तर पर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई हो, शिक्षकों को बीएलओ, ऑनलाइन और अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों से राहत दी जाए।
समिति की इन मांगों पर जिला परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। यह पहल शिक्षकों के सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


