
सेंट एंथोनी इंटर कालेज में जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ
12, 20, 26 नवंबर और चार दिसंबर को लगेंगे विशेष कैंप
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची को दुरुस्त करने का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने सेंट एंथोनी इंटर कालेज मेंमतदाता पंजीकरण का शुभारंभ करते हुए सभी युवा मतदाताओं से मतदाता बनने की अपील की। कहा कि इस अभियान में वह युवा मतदाता भी वोटर बन सकते हैं, जो आगामी एक जुलाई 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं। यह अभियान आज से शुरू होकर आठ दिसंबर तक चलेगा।
इस दौरान 12 नवंबर, 20, 26 नवंबर और चार दिसंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान मतदान केंद्रों पर चलेगा, जहां पर मतदाताओं को सभी प्रकार की सहूलियतें उपलब्द होंगी। फार्म 6, फार्म 6ए, फार्म 6बी, फार्म 7 और फार्म आठ के जरिए मतदाता अपनी-अपनी जरूरतों के अनुसार भर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि आज से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, घटाने का कार्य शुरू होगया है। दावा व आपत्तियों का निस्तारण 26 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद पूरक सूची का प्रकाशन, फोटो आदि की संपूर्णकार्रवाई तीन जनवरी को होगी। इसके बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी को किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम हर्षदेव पांडेय ने बताया कि एक जनवरी 2023 के आधार पर लोकसभा व विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को दुरुस्त करना है।


