
प्रयागराज : (Prayagraj) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (Uttar Pradesh Board of Secondary Education) ने हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस वर्ष दोनों परीक्षाओं में 52 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनके नतीजे अब (upmsp.edu.in) और digilocker.gov.in पर उपलब्ध हैं। छात्र रोल नंबर दर्ज कर विषयवार अंक और कुल प्रतिशत देख सकते हैं, जबकि ऑनलाइन अंकपत्र को प्रोविजनल माना जाएगा और मूल मार्कशीट बाद में स्कूलों से मिलेगी।
तीसरे स्थान पर तीन छात्राएं
बोर्ड द्वारा जारी मेरिट सूची के अनुसार, हाईस्कूल में कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा (Kashish Verma and Anshika Verma) ने 97.83% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि अदिति ने 97.50% के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर अर्पिता (सीतापुर), ऋषभ साहू (झांसी) और परी वर्मा (बाराबंकी) संयुक्त रूप से 97.33% अंक के साथ रहे।
नंदिनी और श्रेया को दूसरा स्थान
इंटरमीडिएट में बाबूराम सावित्री देवी इंटर कालेज सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60% अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया, जबकि नंदिनी गुप्ता (बरेली) और श्रेया वर्मा (बाराबंकी) ने 97.20% के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान पर सुरभि यादव (बरेली) और पूजा पाल (बाराबंकी) ने 97.00% अंक प्राप्त किए।
पूरे प्रदेश में सीतापुर का जलवा
इस वर्ष की मेरिट सूची में बेटियों का दबदबा साफ दिखाई दिया, जहां टॉप-11 में 10 छात्राएं शामिल रहीं। खास बात यह रही कि हाईस्कूल और इंटर—दोनों में सीतापुर जिले के छात्रों ने शीर्ष स्थान हासिल किया। छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट (DigiLocker) के माध्यम से भी डाउनलोड कर सकते हैं, जो आधिकारिक रूप से मान्य है।


