
यमुनापार में दो अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसे
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) यमुनापार में दो स्थानों पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए हैं। सूचना पर पहुंची मुकामी पुलिस ने मौका मुआयना कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि हताहत हुए युवकों के शवों को कब्जे में लेकर चीरघर भेजा। यमुनापार के घूरपुर थाना क्षेत्र में सारंगापुर गांव के सामने रींवा राजमार्ग पर बाइक सवार दो युवक उस समय एक ट्रक की चपेट में आए, जब दोनों बारात से खाली होने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक घूरपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में बीती रात एक बारात आई थी। बारात में नीरज पाल पुत्र स्व. महेश पाल (सहाबपुर, फतेहपुर, पिपरी, कौशांबी) और उसका रिश्तेदार सोनू कुमार पुत्र बैजनाथ पाल (निवासी असरावल कला, धूमनगंज, प्रयागराज) भी आया था। द्वार पूजा खत्म होने के बाद दोनों ने खाना खाया और रात तकरीबन 11:30 बजे नीरज पाल और सोनू कुमार बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
रास्ते में सारंगापुर गांव के सामने रींवा राजमार्ग पर ट्रक से उनकी बाइक में टक्कर लग गई और दोनों नीचे गिर पड़े और नीरज पाल ट्रक के पहिए की चपेट में आ गया। पहिए से कुचल जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू पाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
दूसरी घटना प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग पर दिघिया पुलिस चौकी के समीप हुई। जानकारी के मुताबिक मिर्जापुर जनपद के देहात कोतवाली के गंगावत (रमई पट्टी) का रहने वाला सूरज माली (26) पुत्र बाल कुमार बीती रात अपने बहनोई जुगराज पुत्र नत्थूलाल माली (निवासी लोहगरा, बारा, प्रयागराज) को छोड़ने के लिए बाइक से उसके घर जा रहा था। दिघिया पुलिस चौकी के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि तक दोनों को अस्पताल ले जाया जाता, सूरज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई,जबकि जुगराज की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों घायलों के हादसों को एसआरएन ले जाया गया है। मुकामी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर चीरघर भेजा।


