
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) चित्रकूट-प्रयागराज हाईवे (Chitrakoot-Prayagraj highway) पर मंगलवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में कक्षा छह की छात्रा की मौत हो गई। यह हादसा बारा थाना क्षेत्र के सेंहुड़ा बाजार के नजदीक हुआ। बताया जाता कि छात्रा अपनी मांके साथ बाजार खरीदारी करने गई थी। इसी दौरान वह ट्रक की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चीरघर भेजा।
जानकारी के मुताबिक बारा थाना क्षेत्र के गोंदिया का पूरा, सेंहुड़ा निवासी संग्राम यादव की 12 वर्षीय बेटी रिशु उर्फ बड़की कक्षा छह की छात्रा थी। घरेलू सामान खरीदने के लिए रिशु अपनी मां के साथ स्थानीय बाजार गई थी। बताया जाता है कि घर से निकलकर दोनों आटो पर बैठकर बाजार पहुंची, जहां आटो से उतरने के बाद मां किराया देने लगी, जबकि बेटी रिशु सड़क पार करने लगी। इसी दौरान वह चित्रकूट की तरफ से आ रहे बालू लदे ट्रक की चपेट में आकर काल कवलित हो गई।
एसओ बारा ने बताया कि ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आने से रिशु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसे अस्पताल ले जाने का भी मौका नहीं मिला। हादसे के बाद राहगीरों ने शोर मचाया तो मां को इस हादसे की जानकारी हो पाई। देखते ही देखते मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर एसओ बारा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव कोक ब्जे में लेकर चीरघर भेजा। इस हादसे की वजह से मौके पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।


