
अधिकतम तापमान में भी गिरावट, तापांतर में भारी गिरावट
आलोक गुप्ता
प्रयागराज : पौष माह के खत्म होते-होते सर्दी पूरे उफान पर आ गई है। गुरुवार कोपड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम पारा भी 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापांतर कम होने कीवजह से आज दिन में भी कंपकंपी छूट रही थी। आग का सामने बैठे हों या फिर रजाई के अंदर, ठंड हावी नजर आई।
गुरुवार की सुबह कहीं-कहीं हल्के तो कहीं घने कोहरे के साथ हुई। ओस की बूंदें पूर्वाह्न दस बजे तक गिरती रहीं। दोपहर तक मौसम ऐसे ही बना रहा। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर जगह-जगह जलाव जलते नजर आए। मौसम विशेषज्ञ प्रो. एआर सिद्दीकी ने बताया कि अभी पारा और गिरेगा। फिलहाल, माघ मेला शुरु होने के ठीक पहले ठंड में इजाफा होने से जगह-जगह चाय की दुकानों और अलाव के सामने लोगों की भीड़ नजर आई। माघ मेला क्षेत्र में भी ठंड का असर देखने को मिला। सिर से पांव तक गर्म कपड़ों में लदे लोग माहभर की गृहस्थी लादकर माघ मेलाक्षेत्र में कल्पवास करने पहुंचे।
बताते चलें कि उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। मौसमविभाग के मुताबिक सर्दी का सितम अभी जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश के कई जिनों में शीतलहर और कोहरा जारी रहेगा। आने वाले पांच दिनों तक कई जिलों में यही स्थिति देखने को मिलेगी। पिछले पांच दिनों से प्रदेश के कई जनपदों में धूप नहीं निकल रही है। भदोही, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली समेत कई जिले ऐसे हैं, जहां पर पिछले पांच दिन से या तो धूप नहीं निकल रही है और निकल भी रही है तो तीसरे पहर आधा-एक घंटा के लिए।
भीषण शीतलहर की वजह से सड़क और रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित है। प्रयागराज आने वाली दर्जनों ट्रेनें कई-कई घंटे की देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक के लिए प्रदेश के 27 जिलों में घने कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।


