
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, मुख्तार अब्बास और संजय निषाद ने किया गंगा पूजन, उतारी आरती
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) राष्ट्रीय एकता-अखंडता एवं विश्व शांति के उद्देश्य के साथ आयोजित हो रहे राष्ट्रीय रामायण मेले का आगाज शुक्रवार को पूरी भव्यता के साथ हुआ। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने गंगा पूजन कर पतित पावनी मां गंगा की आरती उतारी और इसके उपरांत मंच पर दीप जलाकर मेले का आगाज किया।
अतिथियों ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, श्रृंगी ऋषि और मां शांता के धाम में पूजा अर्चना की। श्रृंगी ऋषि एवं मां शांता देवी की तपोभूमि पर कार्तिक एकादशी से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक चलने वाले मेले के शुभारंभ मौके पर जय श्रीराम का उद्घोष भी हुआ। शुभारंभ मौके पर धर्मगुरु प्रसिद्ध कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर समेत तमाम साधु-संत शामिल हुए।
रामायण मेला आयोजन समिति और पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित राष्ट्रीय रामायण मेले में प्रयागराज के साथ-साथ आसपास के जनपदों से भी लोग शामिल होने के लिए पहुंचते हैं। पांच दिन तक चलने वाले इस आयोजन में राम कथा के साथ-साथ विभिन्न विभागों के द्वारा सांस्कृतिक आयोजन होंगे और प्रदर्शनी लगाई जाएगी। पांच दिन तक चलने वाले राष्ट्रीय रामायण मेले के शुभारंभ के साथ ही यह धाम अब अगले पांच दिनों तक आस्था से गुलजार रहेगा।
इसके पूर्व डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने केपी कालेज ग्राउंड में योग ऋषि कर्मवीर महाराज व अवध ओझा द्वारा आयोजित निशुल्क योग शिविर में शामिल होकर लोगों को योग का महत्व समझाया।


