
प्रयागराज पुलिस द्वारा जनपद के दर्जनों विद्यालयों में चलाया गया जागरुकता अभियान
आलोक गुप्ता
प्रयागराज : यातायात जागरुकता माह के तहत ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ नागरिक पुलिस द्वारा भी जागरुकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत संबंधित क्षेत्र की पुलिस अपने-अपने इलाके के शैक्षिक संस्थानों पर छात्र-छात्राओं को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ यातायात नियमों के पालन की अपील भी कर रही है।
इसी क्रम में सराय इनायत पुलिस के द्वारा आज मोतीलाल नेहरू इंटर कालेज, जमुनीपुर कोटवा में जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। सराय इनायत पुलिस ने छात्र-छात्राओं को सबसे पहले यातायात माह नवंबर 2022 के आयोजन पर प्रकाश डाला और इसके बाद यातायात नियमों से अवगत कराया। विभिन्न प्रकार के नियमों की जानकारी दी गई। महिला सब इंस्पेक्टर ने कहा, सड़क पर चलते समय हर वक्त सावधान रहना चाहिए। पूरी सतर्कता बरतनी चाहिए। दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का हमेशा प्रयोग करें। इसके अलावा चार पहिया वाहन चलाने वाले सीट बेल्ट लगाएं।
उन्होंने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि वह अपने आसपास के लोगों व घर-परिवार के लोगों को भी हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरुक करेंगे। अंत में सभी बच्चों समेत विद्यालय के स्टाफ को भी ट्रैफिक रूल्स फालो करने की शपथ दिलाई गई।

इसी क्रम में जार्जटाउन थाने की पुलिस ने भी स्थानीय स्कूलों काभ्रमण कर छात्र-छात्राओं को ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील की। करछना पुलिस के द्वारा वाहन स्टैंड पर रिक्शा व टेंपो चालकों को यातायात नियमों के पालन की अपील करते हुए शपथ भी दिलाई गई। अतरसुइया थाने की पुलिस द्वारा क्षेत्र के रमा देवी बालिका इंटर कालेज में शिविर लगाकर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। जबकि शिवकुटी पुलिस ने बृज बिहारी इंटर कालेज में यातायात जागरुकता कैंप लगाया। इसी तरह थाना औद्योगिक पुलिस ने राजकीय बालिका इंटर कालेज व विवेकानंद इंटर कालेज, घूरपुर पुलिस ने ईश्वरदीन छेदीलाल इंटर कालेज में यातायात जागरुकता को कैंप लगाया।


