spot_img

PRAYAGRAJ : माघ मेलाः राज्य मंत्री ने किया लोनिवि के कार्यों का निरीक्षण

महाकुंभ के मद्देनजर बनाई जा रही सड़कों और निर्माणाधीन पुलों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश

राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने अफसरों संग किया स्थलीय भ्रमण, माघ मेले की व्यवस्था दुरुस्त करनेका निर्देश

इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
प्रयागराज : लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने बुधवार को माघ मेला क्षेत्र में लोनिवि द्वारा कराए गए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और मेला क्षेत्र में विभागीय अफसरों के साथ बैठक की। राज्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में बनाए गए पीपा पुल, सड़क निर्माण के लिए बिछाई गई चकर्ड प्लेटों का निरीक्षण करते हुए कहा कि पूरे मेला अवधि में चकर्ड प्लेट व्यवस्थित रूप से रहे, जिससे कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं वाहनों को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए।
उन्होंने अधिकारियों को लगातार निगरानी करने का निर्देश देते हुए शेष कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने मेला क्षेत्र में बनाए गए कार्यालय का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी रजिस्टर का भी मुआयना किया।

बैठक के दौरान बृजेश सिंह ने निर्देशित किया कि मेला के समस्त कार्यों को समय से पूरा कराएं। प्रयागराज में महाकुंभ-2025 से पहले बनाई जाने वाली सड़कों के निर्माण से संबंधित प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की कार्यवाही को तेजी के साथ पूरा कराएं। इसके अलावा जनपद में विभाग द्वारा बनवाए जा रहे सेतुओं के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। कहा, जिन सेतुओं के निर्माण में थोड़ा-बहुत कार्य शेष रह गया है, उसको तेजी के साथ पूरा कराएं।
बृजेश सिंह ने विभागीय अधिकारियों से ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली और धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। अधिकारियों से लगातार कार्य की मानीटरिंग करते रहने के लिए कहा। साथ ही जहां पर भी 50 प्रतिशत से कम काम हुआ है, उसकी विशेष निगरानी करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। इस अवसर पर पीडब्लूडी एवं सेतु निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles