आलोक गुप्ता
प्रयागराज : कड़ाके की ठंड में बाइक से घर लौट रहा बाइक सवार सड़क हादसे का शिकार हो गया। पुलिया से टकराने के बाद बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जब तक दोनों को अस्पताल ले जाया जाता, एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह हादसा यमुनानगर के करछना थाना क्षेत्र में हुआ।
जानकारी के मुताबिक कऱछना थाना क्षेत्र के रोकड़ी का रहने वाला शिवकुमार पटेल (26) खेती-किसानी कर परिवार की आजीविका चलाता था। रविवार की शाम वह खरीदारी करने के लिए स्थानीय बाजार गया था। खरीदारी के बाद शिवकुमार पटेल क्षेत्र के ही डांडो निवासी छोटे पटेल (22) के साथ घर लौट रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही दोनों कुशगढ़ मोड़ के समीप पहुंचे, उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और पुलिया से टकरा गई।
भीषण ठंड में दोनों पुलिया से टकराकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे की सूचना राहगीरों के जरिए करछना पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया, जहां शिवकुमार पटेल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद छोटे पटेल को रेफर कर दिया गया है। पहचान होने के बाद करछना पुलिस ने हादसे की सूचना घरवालों की दी। मनहूस खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजनमौके पर पहुंच गए। शिवकुमार पटेल की मौत से पत्नी राधा का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवकुमार की मौत से उसके तीन वर्षीय बेटे के सिर से पिता का साया छिन गया।


