
आलोक गुप्ता
प्रयागराज : पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर होने वाली 37वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह आयोजन 19 नवंबर को होगा। इंदिरा मैराथन आनंदभवन से शुरू होकर मदन मोहन मालवीव स्टेडियम में समाप्त होगी। 42.195 किलोमीटर की इस मैराथन की तैयारियां जोरों पर हैं। मैराथन का रूट भी तय कर लिया गया है। यह दौड़ पुराने रूट पर ही होगी। मैराथन का उद्घाटन समारोह आनंद भवन जबकि समापन मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होगा। जिलाधिकारी ने भी बुधवार को समीक्षा बैठकर आवश्यक व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।
प्रयागराज में होने वाली इस ऐतिहासिक इंदिरा मैराथन में देशभर से धावक भाग लेने के लिए प्रयागराज आते हैं। सेना के भी धावक इस दौड़ में हिस्सा लेते हैं। इसके लिए गुरुवार से आफलाइन आवेदन भी शुरू हो गया है। इस दौड़ में भाग लेने केलिए धावक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदन फार्म क्षेत्रीय खेल कार्यालय (मदन मोहन मालवीय स्टेडियम)में उपलब्ध है।
इंदिरा मैराथन के प्रथम विजेता को दो लाख रुपये, द्वितीय को एक लाख और तृतीय विजेता को 75 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही 11 अन्य खिलाड़ियों को 10-10 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि 37वीं इंदिरा मैराथन के लिए महिला व पुरुष के लिए आनलाइन आवेदन पहले से लिए जा रहे थे, जबकि आज से आफ लाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए वेबसाइट धावक www.indiramarathon.co.in पर भी आवेदन कर सकते हैं।
साफ-सफाई और एंबुलेंस की व्यवस्था का निर्देश
जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने 19 नवंबर को होने वाली मैराथन की तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने मैराथन रेस वाले मार्गों की मरम्मत एवं साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि मार्गों पर आवश्यक दवा की किटों के साथ-साथ एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने क्षेत्राधिकारी यातायात को निर्देशित किया कि जिन मार्गों पर दौड़ होनी है, उसमें ट्रैफिक की समुचित व्यवस्था बनाएं और मार्ग का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाएं भी पहले से दुरूस्त करा ली जाएं।
जिलाधिकारी ने एआरटीओ को वाहनों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकरी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालयों के बच्चों की सहभागिता एवं समापन के अवसर पर समापन समारोह में सम्मिलित किया जाए और अपर जिलाधिकारी (नगर) को निर्देशित किया कि सेक्टर वाइज सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित कराई जाए और पीएसी आदि की समुचित व्यवस्था करा ली जाई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर मदन कुमार, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


