
आलोक गुप्ता
प्रयागराज : नगर पंचायत शंकरगढ़ के एसवीएस नर्सिंग होम में गुरुवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दूरदराज से आए मरीजों का परीक्षण कर दवाएं वितरित की। नर्सिंग होम के प्रबंधक डॉ. विकास यादव की पहल पर गुरुवार को प्रयागराज के कई विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उक्त स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर मरीजों का परीक्षण किया और उन्हें निशुल्क दवाएं दी।
स्वास्थ्य शिविर में पेट के मरीजों के साथ ही नाक, कान, गला एवं ब्लड प्रेशर की निशुल्क जांच की गई। स्वास्थ्य शिविर में 230 मरीजों की जांच की गई और दवाओं का वितरण किया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों में प्रमुख रूप से डॉक्टर संतोष सिंह (सर्जन), डा. राम सिया सिंह (नाक कान गला विशेषज्ञ), डा. दिनेश सिंह (मेडिसिन), डा. बीके त्रिपाठी (चर्म रोग विशेषज्ञ), डॉक्टर कुंवर विवेक सिंह और डॉ मनीष सुसारी उपस्थित रहे।
नर्सिंग होम के प्रबंधक डॉक्टर विकास यादव ने बताया कि हमारे यहां बीच-बीच में इस तरह के निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाता है. जिसका लाभ क्षेत्रवासियों को मिलता है। डा. विकास यादव ने उतार-चढ़ाव ले रहे मौसम में बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने की हिदायत दी। कहा कि सुबह-शाम के वक्त घर से बाहर निकलते वक्त गर्म कपड़े जरूरत धारण करें और रात के वक्त किसी भी समय अचानक से कमरे से बाहर न निकलें। शिविर में तमाम स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।


