spot_img

Prayagraj: जनभागीदारी से होगा 100 लाख किलो कचरे का निस्तारणः अनुराग ठाकुर

Prayagraj

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रयागराज में किया स्वच्छ भारत 2022 मिशन का आगाज

अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में शताब्दी वर्ष पर किया खेल महोत्सव का शुभारंभ

आलोक गुप्ता
प्रयागराज
: (Prayagraj) केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को प्रयागराज में राष्ट्रव्यापी स्वच्छ भारत अभियान का आगाज किया। देशभर में एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन 2022 के शुभारंभ मौके पर अनुराग ठाकुर ने इस अभियान में जनभागीदारी पर भी जोर दिया।

नैनी स्थित यूनाइटेड इंजीनियरिंग कालेज (यूआईसी) में इस देशव्यापी अभियान का शंखनाद अनुराग ठाकुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा, एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत जनभागीदारी की मदद से प्लास्टिक व अन्य वेस्ट का निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान 100 लाख किलो से ज्यादा कूड़ा निस्तारण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारतअभियान को और बल देने के लिए आज से स्वच्छ भारत 2022 का शुभारंभ किया जा रहा है। कहा, जब लोग स्वच्छ होंगे तो स्वस्थ और सशक्त भी होंगे, जो समाज के विकास में मजबूत स्तंभ के रूप में कार्य करेगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, स्वच्छ भारत 2022 अभियान देश की युवाशक्ति में जनसहयोग, जनभागीदारीसे जनांदोलन की भावना का विकास करेगा। यह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प का भी एक हिस्सा है। प्रधानमंत्री का संकल्प तभी पूरा होगा, जब हम भारत को गंदगी मुक्त बनाने में सफल होंगे। कहा, हम आजादी की 75 वर्षगांठ अमृत महोत्सव के रूप में मना रहे हैं। 2047 में जब देश शताब्दी वर्षगांठ मनाएगा, उस समय के भारत का स्वरूप क्या रहेगा, यह उसी की शुरुआत है। भारत की पहचान स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत, सशक्त भारत और सुंदर भारत के रूप में हो यह हम सबकी जिम्मेदारी है और आज इसका शुभारंभ संगमनगरी से किया जा रहा है।

बमरौली एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत
इस मौके पर सांसद केशरी देवी पटेल, सांसद रीता जोशी समेत तमाम पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वस्छ भारत अभियान का शुभारंभ करने केबाद अनुराग ठाकुर ने अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खेल महोत्सव का भी आगाज किया। इसके पूर्व बमरौली एयरपोर्ट पर पहुंचने पर सांसदों, विधायकों ने अनुराग ठाकुर का जोरदार स्वागत किया। बमरौली एयरपोर्ट से अनुराग ठाकुर कार द्वारा नैनी पहुंचे।

Explore our articles