spot_img

Prayagra : भूमाफियाओं के चंगुल में बारा तहसील मुख्यालय, भाजपा नेता ने समाधान दिवस में की शिकायत

Prayagra: Bara tehsil headquarters in the clutches of land mafia, BJP leader complained in the resolution day

आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagra)
माह के प्रथम शनिवार को आज यमुनापार की बारा तहसील में समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में लोगों ने शिकायत की। फरियादियों की भीड़ में उनकी संख्या काफी अधिक रही, जो भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर लंबे समय से तहसील मुख्यालय और थाना कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष (यमुनापार) संतोष त्रिपाठी ने भी समाधान दिवस में पहुंचकर अवैध कब्जे की शिकायत की।
भाजपा नेता संतोष त्रिपाठी ने कहा कि बारा तहसील क्षेत्र में भूमाफियाओं का संकट गहराता जा रहा है। कोई मोहल्ला या गांव ऐसा नहीं बचा, जहां पर भूमाफियाओं का संकट न हो। कोई दबंग रास्ते पर कब्जा कर रहा है तो कोई भूमाफिया किसी के मकान और दुकान पर अपनी नजर गड़ाए हुए है। संतोष त्रिपाठी ने कहा कि स्थिति तब और खराब हो जाती है, जब शिकायत के बाद भी तहसील प्रशासन के द्वारा कोई कार्यवाही नहीं कीजाती। जबकि शासन का स्पष्ट आदेश है कि राजस्व के सभी मामलों में पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा सप्ताहभर के अंदर जांच कर निस्तारण करवाया जाए, लेकिन बारा तहसील के अधिकारी और कर्मचारी कुंडली मारकर बैठे हुए हैं।
संतोष त्रिपाठी ने कहा कि नगर पंचायत शंकरगढ़ के पटेलनगर मोहल्ले में एक दबंग भूमाफिया के द्वारा आम रास्ते पर कब्जा किया जा रहा है। कई बार उक्त प्रकरण की शिकायत की गई, लेकिन इस समस्या की तरफ तहसील प्रशासन तनिक भी गंभीर नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा, शंकरगढ़ अवैध कब्जे का यह इकलौता मामला नहीं है, दर्जनों लोग अपनी जमीन, मकान और दुकान बचाने के लिए तहसील कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन तहसील प्रशासन की कुंभकर्णी निद्रा टूटने का नाम नहीं ले रही है। फिलहाल संतोष त्रिपाठी की शिकायत पर एसडीएम बारा अब्दुल्ला मसूद ने त्वरित कार्यवाही के लिए मातहतों को निर्देशित किया है। देखना यह है कि एसडीएम के आदेश का अमल कितने समय में होता है।

Explore our articles