
प्रतापगढ़: (Pratapgarh) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरा बेन (100) के निधन पर पूरे जनपद में शोक की लहर है। विभिन्न संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ आम नागरिकों ने भी संवेदना जताई है और दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री और उनके परिवारीजनों को साहस प्रदान करने की प्रार्थना की है।
भाजपा के पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह ने भी हीरा बा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। दिग्गज भाजपा नेता राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह ने कहा, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का निधन अत्यंत दुःखद है। भगवान से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोक की इस घड़ी में प्रधानमंत्री, उनके परिजनों, शुभचिंतकों व समर्थकों को संबल प्रदान करें।
मोती सिंह ने कहा, मां एक व्यक्ति के जीवन की पहली मित्र और गुरु होती हैं, जिसे खोने का दुख संसार का सबसे बड़ा दुख है। मां का निधन पुत्र के लिए असहनीय होता है। हीराबा उदारता, सादगी, कड़ी मेहनत और जीवन के उच्च मूल्यों की प्रतीक थीं। इसी क्रम में सांसद विनोद सोनकर ने भी हीराबेन (हीराबा) के निधन पर संवेदना जताई है।
सांसद विनोद सोनकर ने अपने ट्वीट में लिखा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। पूरा देश दुख की इस घड़ी में प्रधानमंत्री और उनके परिवार के साथ खड़ा है। ईश्वर दिवंगत पुण्यआत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। इसी क्रम में भाजपा कि जिला, विधानसभा व ब्लाक इकाई के द्वारा शोकसभा का आयोजन कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।


