सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने नियमोंकी अवहेलना करने वालों का चालान करने का दिया निर्देश
प्रतापगढ़ : जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित एवं कम करने के लिS सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराएं। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि कोई भी तेज रफ्तार एवं शराब पीकर वाहन न चलाने पाए। हेलमेट व सीटबेल्ट की जांच की जाए। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्यवाही करें और नियमों का पालन न करने वालों के विरूद्ध नियमानुसार चालान करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए।
उन्होंने परिवहन एवं पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाएं। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट व सीटबेल्ट के, ओवरलोड वाहन चलाने वालों के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाए। शहरों के मुख्य मार्गों पर ई-रिक्शा (बैट्री संचालित वाहन) के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ई-रिक्शा का रूट निर्धारित करें, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिरकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड आदि के पार्किंग स्थल चिह्नित करें।
जिलाधिकारी ने कहा, सड़कों पर कोई पार्किंग स्थल न बनाया जाए इसका विशेष ध्यान दें। स्कूली वाहनों की फिटनेस की जांच की जाए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि स्कूलों के जो भी कंडक्टर, ड्राइवर हैं, उनका मेडिकल चेकअप व चरित्र सत्यापन कराया जाए। स्कूली वाहन यदि अनफिट हों तो उनको बाहर करें।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूलों में जो भी वाहन अनफिट हैं अपने स्तर से आवश्यक कार्यवाही करें, विद्यालयों में बैठक कराएं। मोटराइज्ड एवं नॉन मोटराइज्ड वाहनों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप अथवा फ्लोरेसेंट पेंट लगवाने पर भी चर्चा की गई।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीके अहिरवार ने बताया कि जनपद में कुल 52 ब्लैक स्पाट हैं, इसमें 12 लोक निर्माण विभाग के हैं, शेष एनएच और एनएचआई के हैं। जिलाधिकारी ने सभी ब्लैक स्पाट को शीघ्र समाप्त कराने का निर्देश दिया। हाईवे एवं सड़कों पर अवैध कट के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नियमानुसार अवैध कट का अवलोकन करें और जहां पर दुर्घटनाओं की स्थिति दिखे वहां पर अवैध कट को बंद कर दिया जाए। डिवाइडर के ऊपर अतिक्रमण करने वालों को चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही करें। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता के संबंध में जागरूकता बढ़ाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (फाइनेंस) त्रिभुवन विश्वकर्मा, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता एनके यादव, प्रांतीय खंड के अधिशाषी अभियंता डीके अहिरवार, एआरटीओ दिलीप गुप्ता मौजूद रहे।


