spot_img

Port Blair: भाजपा नेताओं ने राजनाथ से अंडमान और देश के अन्य हिस्सों के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने का आग्रह किया

पोर्ट ब्लेयर:(Port Blair) अंडमान और निकोबार के भाजपा नेताओं (BJP leaders of Andaman and Nicobar) ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से द्वीप समूह और देश के अन्य हिस्सों के बीच बेहतर हवाई संपर्क सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

राजनाथ के बृहस्पतिवार को केंद्र-शासित प्रदेश की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने उनसे मुलाकात की।

इस दौरान भाजपा की अंडमान एवं निकोबार इकाई के अध्यक्ष अजय बैरागी ने पोर्ट ब्लेयर और देश के अन्य हिस्सों के बीच उड़ानों के महंगे किराये और रनवे उन्नयन कार्यों के चलते कम विमानों का संचालन किए जाने से केंद्र-शासित प्रदेश में पर्यटन उद्योग पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर चिंता जताई।

बैरागी ने कहा, “हम रनवे के उन्नयन का महत्व समझते हैं, लेकिन हमने केंद्रीय मंत्री से परियोजना को जल्द पूरा कराने का आग्रह किया, क्योंकि इसके कारण उड़ानों का किराया बहुत ज्यादा बढ़ गया है।”

उन्होंने बताया कि स्थानीय भाजपा नेताओं ने राजनाथ से स्वास्थ्य आपातकाल की स्थिति से निपटने के लिए पोर्ट ब्लेयर और दिग्लीपुर में शिबपुर हवाई अड्डे के बीच हवाई यातायात शुरू कराने का भी आग्रह किया।

बैरागी ने आगे कहा कि रक्षा मंत्री से मुलाकात में ग्रेट निकोबार द्वीप के कार निकोबार और कैंपबेल बे हवाई अड्डों पर रनवे के विस्तार का मुद्दा भी उठाया गया।

उन्होंने कहा, “रक्षा मंत्री ने हमें आश्वस्त किया है कि वह इन मुद्दों पर निश्चित रूप से विचार करेंगे।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles