पटना: (Patna) जमुई जिले के गरही थाना क्षेत्र अंतर्गत पनभरवा नदी बालू घाट के गड्ढे में शनिवार को स्नान करने के दौरान डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना से लोगों में अफरा-तफरी मच गयी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
मृतकों में पनभरवा निवासी संतोष यादव का पुत्र कुणाल यादव (10) और सिकंदरा प्रखंड के नर्मदा निवासी सकलदेव यादव का पुत्र पवन कुमार (11) है। पवन मामा के घर रक्षाबंधन पर आया था। शनिवार की सुबह वह ममेरे भाई कुणाल यादव के साथ नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान नदी में बालू उठान के कारण ज्यादा बड़ा गड्ढा बना हुआ था, जिसमें दोनों बच्चे डूब गए। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से दोनों बच्चे के शव को काफी मशक्कत के बाद गड्ढे से निकाला गया।


