spot_img

Patna : पटना-बेतिया फोरलेन को एनएचआई ने दी मंजूरी

पटना: (Patna) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में बुनियादी ढांचे के विकास को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन एच आई) ने पटना-बेतिया राष्ट्रीय राजमार्ग-139 वेस्ट (एन एच-139 वेस्ट) के निर्माण को मंजूरी दे दी है।

इस बहुप्रतीक्षित फोरलेन परियोजना से उत्तर बिहार, सीमांचल और उत्तर प्रदेश से पटना आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। 171.29 किमी लंबी इस सड़क के निर्माण पर 8,660.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इस फोरलेन सड़क के बन जाने से पटना से बेतिया पहुंचने में महज दो घंटे लगेंगे। अभी लोगों को इस सफर को पूरा करने में पांच घंटे से अधिक समय लगता है। यह हाईवे पटना, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों को जोड़ेगा।

परियोजना को पांच प्रमुख सेक्टरों में बांटा गया है, जिनमें से कुछ पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि कुछ के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा मंजूरी के बाद इस प्रोजेक्ट पर तीव्र गति से कार्य हो रहा है। इसके निर्माण को जल्द से जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में बकरपुर से मानिकपुर के बीच निर्माण कार्य प्रगति पर है। जल्द ही यह हाईवे उत्तर बिहार और पटना के बीच यातायात की रीढ़ बन जाएगा।

Explore our articles