spot_img

Patna: तीन महीने बाद भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को मिली जमानत

अप्रैल 2023 में सासाराम में सांप्रदायिक हिंसा मामले में में हुई थी गिरफ्तारी

पटना:(Patna) बिहार के सासाराम मंडल कारा में पिछले 3 महीने से बंद भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद बुधवार को जमानत पर जेल से बाहर निकले। उनके जेल से बाहर निकलते ही सैकड़ों की संख्या में समर्थकों ने उनका स्वागत किया। जेल से निकलते ही जय श्री राम और हर हर महादेव के नारे लगाए गये। जवाहर प्रसाद पर अप्रैल में रामनवमी के दौरान सासाराम में हुए सांप्रदायिक हिंसा को फैलाने का आरोप था। जिसमें पुलिस ने जांच के बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल में भेज दिया था।

जेल से निकलते ही बिहार सरकार पर हमला करते हुए कहा जवाहर प्रसाद ने कहा कि बिहार में धृतराष्ट्र की सरकार चल रही है। सरकार के मुखिया अंधे होकर पूरे बिहार में महाभारत करवा रही है। धृतराष्ट्र के रूप में यह सरकार पूरे प्रदेश में अन्याय कर रही है लेकिन उन्हें न्यायिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा था और है।

जवाहर प्रसाद ने कहा कि आखिरकार पिता समान जजों ने उन्हें आज जमानत दे दी। उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में वे निर्दोष भी साबित होंगे। जेल से निकलते ही वे अपने समर्थकों के साथ ताराचंडी मंदिर गए जहां पूजा अर्चना की।

अप्रैल 2023 में सासाराम में सांप्रदायिक हिंसा मामले में भाजपा नेता की गिरफ्तारी हुई थी। साथ में तीन दर्जन से अधिक भाजपा, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं के अलावा 100 से अधिक गिरफ्तारियां हुई थी। पूर्व विधायक के जेल से छूटने की सूचना के बाद नगर में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। साथ ही रोहतास के एसपी विनीत कुमार भी आज सुबह से ही सासाराम नगर में बने हुए हैं।

Explore our articles