पलवल : चुनाव आयोग द्वारा जारी की गई वोटर इन क्यू एप के माध्यम से अब मतदाता मतदान के दिन पोलिंग बूथों पर लगने वाली भीड़ की जानकारी ले सकते हैं। यह ऐप वोट प्रतिशतता को बढ़ाने में काफी मददगार साबित होगी। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी नेहा सिंह ने सोमवार को दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय चुनाव आयोग द्वारा आगामी 25 मई को होने वाले लोकसभा आम चुनाव में वोट प्रतिशतता को बढ़ाने के लिए कई तरह की विशेष कार्य योजनाएं शुरू की गई हैं। इसके अलावा डिजिटल युग को देखते हुए आयोग द्वारा कई तरह की ऐप भी शुरू की गई हैं, जिनमें वोटर इन क्यू भी शामिल है। उन्होंने कहा कि अब मतदाता मतदान के दिन प्ले स्टोर/एप्पल स्टोर से इस एेप को डाउनलॉड कर मतदान केन्द्रों पर लगने वाली भीड़ को लाईव देख सकते हैं, जिससे मतदाता अपनी सुविधा अनुसार मतदान कर सकते हैं।


