पलवल : एक व्यक्ति को हनीट्रेप में फंसाकर एक दंपत्ति ने करीब 90 लाख रुपए हड़प लिए। व्यक्ति की पत्नी की शिकायत पर बुधवार को कैंप थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी आरोपी पति-पत्नी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार सुमन नामक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनकी पूनम व उसके पति मनोज से 2019 से मुलाकात हुई थी। पूनम ने उसके पति संतोष को अपने प्रेम जाल में फंसाकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाये और बाद में उसके पति को ब्लैकमेल करने लगी। इसके बारे में पूनम को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह नहीं मानी और उसके पति को दुष्कर्म के मामले में फंसाने के नाम पर ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने लगी।
सुमन का आरोप है कि पूनम ने उसके पति से एक प्लाट भी अपने नाम करा लिया और अब तक करीब 90 लाख रुपए उसके पति से हड़प चुकी है। उसके पति के पैसों से खरीदे गए प्लाट में उसके पति के पैसों से मकान भी बनवाया, जिसमें मिस्त्री व ठेकेदार को पैसे उसके पति ने ही दिए थे। पूनम उसके पति को 2019 से अब तक उसके पति को बलात्कार के झूठे केस में फंसाने का दबाब बनाकर पैसे ऐंठती रही है। आरोप है कि पूनम ने ओर किसी के साथ भी इस प्रकार की वारदात को अंजाम दिया है, उसका यह पेशा है जो सीधे-साधे लोगों को अपने चंगुल में फंसाकर ब्लैकमेल करके धमकी देती है और पैसे हड़पती है। इसमें उसका पति भी साथ देता है।
कैंप थाना प्रभारी सत्यनारायण ने बुधवार को बताया कि पीडििता के अनुसार दी शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी आरोपी पति पत्नी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


