पालमपुर : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शान्ता कुमार ने शनिवार को कहा कि देश के 140 करोड़ लोगों के लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है कि आज दुनिया के 8 देशों के राष्ट्रपति भारतीय मूल के हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव में विवेक रामास्वामी आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं। यह सोच कर भारत के लोगों का मस्तक ऊंचा हो जाता है। भारत के लोग दुनिया के जिस भी देश में गये हैं, उन्होंने अपनी ईमानदारी और परिश्रम से उस देश में अपना स्थान बनाया है।
शान्ता कुमार ने एक बयान में कहा भारत के नरेन्द्र मोदी दुनिया के 190 देशों के प्रधानमंत्रियों में सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि भारत का चन्द्रयान चन्द्रमा के आंगन से नई-नई सूचनाएं भेज कर एक नया इतिहास बना रहा है। आज भारत का सूर्ययान मिशन 15 लाख किमी की यात्रा करके सूर्य के पास पहुंचेगा और विज्ञान की एक ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त करेगा।
उन्होंने कहा मुम्बई में विपक्ष के नेताओं के सम्मेलन में यदि चन्द्रयान के लिए भारत सरकार को न सही, पर भारत के लोगों को बधाई दी गई होती तो कितना अच्छा होता। परन्तु दुर्भाग्य से आज भारत का लोकतंत्र केवल विरोध तन्त्र बन कर रह गया है। मोदी हटाओ के इलावा उन्हें कुछ भी नजर नही आता। शान्ता कुमार ने कहा यह सब कुछ सोच कर भारत के प्रत्येक व्यक्ति का गर्व से सिर ऊंचा होता है। इन सब ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए स्वतन्त्रता की इस अमृत बेला में भारत के लोगों को बहुत बहुत बधाई देता हूं।


