
नोएडा : (Noida) नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (Bureau of Civil Aviation Security) (BCAS) से एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम (Aerodrome Security Programme) (ASP) को मंजूरी मिलने के बाद अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों का रास्ता पूरी तरह साफ हो चुका है। उम्मीद है कि एक सप्ताह में यहां से विमानों की टिकट बुकिंग सेवा शुरू हाे जाएगी इसके लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (Yamuna International Airport Limited) (YIAPL) ने एयरलाइंस से बातचीत शुरू कर दी है।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (Yamuna International Airport Limited) (YIAPL) ने बुधवार काे जारी बयान में कहा कि बकास ने नोएडा एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम (Aerodrome Security Programme) (ASP) को मंजूरी दे दी है। यह उड़ानों के लिए अंतिम बाधा थी, जो अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है। इस मंजूरी का मतलब कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्था और प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार पूरी कर ली गई हैं।
अब कंपनी एयरलाइंस और अन्य पार्टनर्स के साथ मिलकर उड़ानों की शुरुआत के लिए तारीख तय करेगी। पूरा ध्यान इस बात पर है कि सभी सिस्टम, प्रक्रियाएं और कर्मचारी पूरी तरह तैयार हों, ताकि एयरपोर्ट का संचालन सुरक्षित, सुचारु और बिना किसी परेशानी के शुरू किया जा सके। बयान में कहा गया कि उम्मीद लगाई जा रही है कि एक सप्ताह के अंदर एयरपोर्ट से फ्लाइट टिकट बुकिंग सेवा शुरू कर दी जाएगी। मई माह के अंत तक नोएडा एयरपोर्ट से 17 शहरों के लिए उड़ान शुरू होने की उम्मीद है। पहले सिर्फ घरेलू और कार्गो विमान उड़ेंगे। विमान सेवा शुरू करने के लिए यापल ने इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा के साथ साझेदारी की है। वहीं, टिकट बुकिंग सेवा शुरू होने के साथ ही शहरों की सूची के नाम का भी खुलासा कर दिया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक अगले एक सप्ताह में सभी प्रकार की बाधाओं को दूर कर फ्लाइट टिकट सेवा शुरू कर दी जाएगी। नोएडा एयरपोर्ट के संचालन के लिए अब सभी प्रकार की आपत्तियां दूर की जा चुकी हैं। पिछले दिनों ही यापल ने विदेशी सीईओ की सबसे बड़ी आपत्ति का निस्तारण कर भारतीय सीईओ को नियुक्त किया था। यापल ने नीतू समरा (Neetu Samra) को अंतरिम सीईओ नियुक्त करते हुए क्रिस्टोफ श्नेलमैन को निदेशक मंडल में कार्यकारी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके अलावा सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं को भी अब दूर किया जा चुका है।
नोएडा एयरपोर्ट के लिए टैरिफ दरों को अंतिम रूप देने की तैयारी
उड़ानों के लिए सभी प्रकार की मंजूरियां मिल चुकी हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए टैरिफ दरों को अंतिम रूप देने की तैयारी है। एयरपोर्ट इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी (Airports Economic Regulatory Authority) (AERA) ने हितधारकों (स्टेक होल्डर्स) के साथ बैठक कर ली है। नोएडा एयरपोर्ट के लिए एक एड-हॉक टैरिफ जारी किया था, जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 210 से 980 तक यूजर डेवलपमेंट फीस (User Development Fee) (UDF) का सुझाव दिया गया था। जल्द ही इस पर भी निर्णय लिया जाएगा। यह शुल्क एक अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक पांच वर्षीय नियंत्रण अवधि के लिए लागू किया जा सकता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के हाथों शुभारंभ हो चुका है। यहां घरेलू और कार्गो टर्मिनल बनकर तैयार है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का काम जारी है। प्रथम चरण में एयरपोर्ट को 1334 हेक्टेयर में पूरा किया गया है। इसमें 3900 मीटर लंबा पहला रनवे, यात्री टर्मिनल, एटीसी, कार्गो हब शामिल है। यापल उड़ानें शुरू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है। मई के अंत तक उड़ान शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी मिल गई है। अब चार सप्ताह में एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। अगले सप्ताह तक टिकट बुकिंग सेवा भी शुरू होने की उम्मीद है। एयरपोर्ट संचालित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।


