
नोएडा : (Noida) जेवर में नवनिर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport in Jewar) के लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath) रविवार को नोएडा पहुंचे। जेवर एयरपोर्ट पर करीब डेढ़ घंटे तक अधिकारियों के साथ बैठक कर उद्घाटन समारोह की तैयारियों व सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और जरूरी निेर्देश दिए। इस नवनिर्मित इंटरनेशनल एयरपोर्ट काे लोकार्पण 28 मार्च काे प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी करेंगे।
मुख्यमंत्री याेगी आज लखनऊ से हवाई मार्ग से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट (Ghaziabad’s Hindon Airport) पहुंचे और यहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिये नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। यहां भाजपा नेताओं और अधिकारियाें ने उनका स्वागत किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह भी गौतमबुद्ध नगर पहुंचे हैं। यहां उन्होंने एयरपोर्ट में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने एयरपोर्ट और जनसभा स्थल का निरीक्षण करके यहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इसके बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सभागार में अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री याेगी ने बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के सामने समारोह की योजना, सुरक्षा प्लान और जनसभा में लोगों के आने वालों की संख्या और उनके बैठने की व्यवस्था जैसी तैयारियों की जानकारी रखी। वहीं, प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर होने वाली सुरक्षा प्लानिंग की समीक्षा भी की गई। मुख्यमंत्री याेगी ने जनसभा में पार्किंग व्यवस्था का व्यवस्थित मैप तैयार करने के साथ ही साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इस दौरान गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, प्रभारी मंत्री कुंवर वृजेश सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, डीएम गौतमबुद्धनगर मेघा रूपम, सीईओ यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, एसीईओ शैलेन्द्र भाटिया, डीसीपी पूनम मिश्रा, एडीएम वित्त अतुल कुमार, एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ क्रिस्टोफ श्रेलमैन, सीओओ किरन जैन, सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे
मुख्यमंत्री के दाैरे काे लेकर कमिश्नरेट पुलिस, यमुना प्राधिकरण और जिला प्रशासन (Commissionerate Police, the Yamuna Authority, and the District Administration) की ओर से तैयारियां की गई थी। इस दाैरान सुरक्षा के लिहाज से भी कड़ी व्यवस्था की गई।


