नई टिहरी : जी 20 की तैयारियों को लेकर जनपद टिहरी के नरेंद्रनगर क्षेत्र में काम जोरों पर है। डीएम डा सौरभ गहरवार व सीडीओ मनीष कुमार ने शुक्रवार को मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने बारिश के कारण कामों की गति धीमी होने पर अब मैन व मशीनरी पावर बढ़ाकर कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने मुनि की रेती, नरेंद्रनगर, ओंणी गांव, ऋषिकेश आदि स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर जी-20 के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति व गुणवत्ता को देखा। जी 20 के कामों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम ने मुनि की रेती में सौंदर्यीकरण कार्य, जानकी सेतु पार्किंग के कार्य, वॉल पेटिंग कार्य, ओंणी गांव मुख्य द्वार एवं प्रतीक्षालय के कार्य, ओंणी गांव सड़क मार्ग में हो रहे कार्यों, पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, मंदिर परिसर में किए जा रहे कार्यों के साथ कृषि, उद्यान, लघु सिंचाई, पशुपालन, डेयरी विकास, लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए आदि विभागों के किये जा रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।
डीएम ने ने डेलीगेट्स टीम के आगमन, भ्रमण एवं विदाई तक के कार्यक्रम को लेकर भी संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस मौके पर एसई एनपी सिंह, ईओ नगरपालिका मुनी की रेती तनवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


