
नई दिल्ली : (New Delhi) न्यू एज डिजिटल कंटेंट डिजाइन, डिस्कवरी और डिस्ट्रीब्यूशन का काम करने वाली कंपनी याप डिजिटल लिमिटेड के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में डिस्काउंट एंट्री करके अपने आईपीओ निवेशकों को निराश कर दिया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 145 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म (NSE’s SME platform) पर इसकी लिस्टिंग 12.4 प्रतिशत डिस्काउंट के साथ 127 रुपये के स्तर पर हुई। हालांकि लिस्टिंग के बाद लिवाली शुरू हो जाने के कारण कंपनी के शेयर उछल कर 133.35 रुपये के अपर सर्किट लेवल पर आ गए। इस तरह पहले दिन के कारोबार में अपर सर्किट लगने के बावजूद कंपनी के आईपीओ निवेशकों को 11.65 रुपये प्रति शेयर यानी 8.03 प्रतिशत का नुकसान हो गया।
याप डिजिटल लिमिटेड (Yap Digital Limited) का 80.11 करोड़ रुपये का आईपीओ 25 से 27 फरवरी के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से एवरेज रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 4.26 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (qualified institutional buyers) (QIBs) के लिए रिजर्व पोर्शन 8.29 गुना सब्सक्राइब हुआ था। वहीं नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (non-institutional investors) (NIIs) के लिए रिजर्व पोर्शन में 5.05 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसी तरह रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 1.61 गुना सब्सक्राइब हो सका था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 55.25 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिये जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (draft red herring prospectus) (DRHP) में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 2.60 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। अगले वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी मुनाफे में आ गई। इस साल कंपनी को 2.51 करोड़ का शुद्ध लाभ हुआ। इसके अगले वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़ कर 11.93 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष में 31 दिसंबर तक कंपनी को 9.21 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका है।
इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी बढोतरी हुई। वित्त वर्ष 2022-23 में इसे 78.04 करोड़ का कुल राजस्व प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 113.06 करोड़ और वित्त वर्ष 2024-25 में उछल कर 154.40 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। मौजूदा वित्त वर्ष में 31 दिसंबर तक 2025 तक कंपनी को 91.42 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है।


