spot_img

New Delhi: विश्व स्वास्थ्य दिवस पर दिल्ली में वॉकथॉन, दौड़े लोग

New Delhi

नई दिल्ली:(New Delhi) विश्व स्वास्थ्य दिवस पर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज नई दिल्ली में वॉकथॉन का आयोजन किया। केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री डॉ. मनसुख मांडविया (Union Health Minister Dr. Mansukh Mandaviya) ने राज्यमंत्री डॉ. भारती प्रवीन पवार के साथ वॉकथॉन का नेतृत्व किया। कार्यक्रम का आयोजन ‘हेल्थ फॉर ऑल’ की थीम के तहत किया गया था। वॉकथॉन का उद्देश्य न केवल गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) को दूर रखने के लिए बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव के लिए स्वस्थ आदतों के बारे में जागरुकता पैदा करना रहा।

वॉकथॉन में शामिल करीब 350 प्रतिभागी विजय चौक से निर्माण भवन पहुंचे। प्रतिभागियों ने उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मानसिक बीमारी और कैंसर जैसी जीवन शैली से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं, बीमारियों को रोकने और नियंत्रित करने के लिए स्वस्थ और सक्रिय जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर डॉ. मनसुख मांडविया ने सभी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि “यह वसुधैव कुटुम्बकम का भारत का दर्शन बना हुआ है जहां हम सभी की प्रगति के बारे में सोचते हैं। यह दर्शन कोरोना संकट के दौरान देखा गया था, जब भारत ने किसी व्यावसायिक लाभ पर विचार किए बिना जरूरतमंद देशों को टीके और चिकित्सा आपूर्ति प्रदान की थी। भारत हर हितधारक की मदद करने में सबसे आगे रहा है और इसी भावना के साथ भारत अपने नागरिकों और दुनिया के स्वास्थ्य के लिए काम कर रहा है।

देश के विकास में स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने स्वास्थ्य को विकास से जोड़ा है। केवल स्वस्थ नागरिक ही एक स्वस्थ समाज और बदले में एक विकसित राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। इस आजादी के अमृत महोत्सव में, मैं आप सभी से एक विकसित और स्वस्थ भारत बनाने के लिए मिलकर काम करने का आग्रह करता हूं।

Explore our articles